दिल्ली और आंध्र मॉडल का अध्ययन करेगा उत्तराखंड, शिक्षा सुधार को बड़ा कदम

देहरादून।  उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा मंत्री **डाॅ. धन सिंह रावत** की अध्यक्षता में विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न राज्यों के अध्ययन दौरे पर जाएगा। इस एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में सफल योजनाओं और नवाचारों का अध्ययन कर उन्हें प्रदेश में लागू करना है।

अध्ययन भ्रमण के तहत प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में विद्यालयी शिक्षा से जुड़ी सफल पहलों का अवलोकन करेगा, जबकि आंध्र प्रदेश में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास से संबंधित नवाचारों का अध्ययन किया जाएगा। विद्यालयी शिक्षा के लिए पांच सदस्यीय दल का गठन किया गया है, जिसमें धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, खानपुर विधायक उमेश कुमार, विद्यालयी शिक्षा सचिव रविनाथ रमन और महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ती सिंह शामिल हैं।

उच्च शिक्षा से जुड़े भ्रमण के दौरान दल **Andhra Pradesh State Skill Development Corporation** (एपीएसएसडीसी) का दौरा करेगा, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और क्लाउड तकनीक जैसे क्षेत्रों में चार लाख से अधिक छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रतन टाटा इनोवेशन हब, एनवीडिया आंध्र प्रदेश यूनिवर्सिटी और क्वांटम वैली का भी अध्ययन किया जाएगा।

उच्च शिक्षा दल में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, उच्च शिक्षा सचिव डाॅ. रंजीत कुमार सिन्हा और निदेशक आईटीडीए आलोक पाण्डेय को नामित किया गया है।

डाॅ. रावत ने बताया कि इस एक्सपोजर विजिट की तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की सफल योजनाओं से सीख लेकर उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.