प्राथमिक शिक्षक भर्ती में बड़ी अपडेट, श्रीनगर में होगा विशेष समारोह

प्रदेश के प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में चयनित शेष अभ्यर्थियों को 21 फरवरी, शनिवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम श्रीनगर में आयोजित किया जाएगा, जहां गढ़वाल मंडल के लगभग 100 चयनित शिक्षकों को विद्यालयी शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat के हाथों नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 11 जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 1670 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई थी। विभागीय काउंसिलिंग के बाद 1168 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इनमें से 1018 चयनित अभ्यर्थियों को गत माह देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि शेष चयनित शिक्षकों, विशेषकर गढ़वाल मंडल के अभ्यर्थियों को अब 21 फरवरी को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें पौड़ी जनपद के 55, टिहरी के 19, उत्तरकाशी के 5 तथा देहरादून के 4 नव चयनित शिक्षक शामिल हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नई नियुक्तियों से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालयों को भी लाभ मिलेगा तथा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

विभागीय स्तर पर कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.