उत्तराखंड सरकार फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण उत्तराखंड फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है। राज्य में लागू की गई उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से त्वरित और पारदर्शी अनुमति प्रदान की जा रही है। शूटिंग की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे देश-विदेश के निर्माता-निर्देशक राज्य की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म नीति का उद्देश्य केवल शूटिंग को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करना भी है।
क्षेत्रीय सिनेमा को मिला विशेष प्रोत्साहन
फिल्म नीति-2024 के तहत गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी फिल्मों को अनुदान देकर क्षेत्रीय सिनेमा को नई ऊर्जा दी गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘जोना’, ‘मीठी माँ कु आशीर्वाद’, ‘मेरे गांव की बाट’, ‘घपरोल’, ‘द्वी होला जब साथ’, ‘गढ़-कुमौं’, ‘असगार’, ‘रतब्याण’, ‘संस्कार’, ‘मेरु गौ’, ‘अजाण’, ‘बथों सुबेरो घाम-2’, ‘धरती म्यर कुमाऊँ’ और ‘कारा एक प्रथा’ जैसी फिल्मों को लाखों रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है।
सरकार का मानना है कि क्षेत्रीय भाषाओं में बन रही फिल्मों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, साथ ही पहाड़ की संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज को भी मिला लाभ
फिल्म नीति-2024 से प्रभावित होकर कई हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग उत्तराखंड में हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘विकी विद्या का वह वाला वीडियो’, ‘लाइफ हिल गई’, ‘Tanvi the Great’, ‘माली’, ‘मैं लड़ेगा’, ‘5th सितम्बर’, ‘केसरी चैप्टर-2’, ‘ढाई आखर प्रेम का’, ‘गंगा संग रविदास’, ‘ए वेडिंग स्टोरी’ और ‘Middle Class Love’ जैसी परियोजनाओं को भी अनुदान राशि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की फिल्म-फ्रेंडली नीतियों से उत्तराखंड आज देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। आने वाले समय में यह नीति राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।