देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल ने यात्रा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर है। उन्होंने ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ यात्रियों का भव्य स्वागत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धनाभाव के कारण किसी भी व्यवस्था में कमी नहीं रहने दी जाएगी। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिला प्रशासन द्वारा गेप फंडिंग के माध्यम से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग, यात्री आवास क्षमता, पंजीकरण व्यवस्था, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को 15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सड़कों पर डायवर्जन स्थलों और कियोस्क प्वाइंट्स पर सुचारू यातायात संचालन के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा और ट्रांजिट कैंपों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और रात्रि विश्राम की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी, एडीएम केके मिश्रा, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेंद्र पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।