चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026 में मंत्री गणेश जोशी का दौरा, स्वयं सहायता समूहों को मिली बड़ी सौगात
चम्पावत। जनपद चम्पावत के टनकपुर में आयोजित ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ में प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने पशु सखियों को मोबाइल फोन वितरित किए। इसके साथ ही विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को चेक प्रदान किए गए तथा कृषकों को फार्म मशीनरी बैंक भी सौंपा गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और कृषि आधारित गतिविधियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ना है।
महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। मंत्री ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चम्पावत जैसे सीमांत जनपदों में इस तरह के आयोजन विकास की नई संभावनाओं को जन्म देते हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, गौरव सैनानी समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और कृषि विकास को विशेष रूप से बढ़ावा दिया गया।