डीएवी कॉलेज की छात्राओं ने निकाली नशा मुक्ति रैली, सीपीआर प्रशिक्षण से सीखी जीवन रक्षक तकनीक

देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दो इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन छात्राओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। शिविर का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति सेंगर और डॉ. रेणुका रावत के निर्देशन में किया गया।

सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य सुरक्षा और युवाओं में सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दिन की शुरुआत “नशा मुक्त समाज” विषय पर जागरूकता रैली से हुई। छात्रा स्वयंसेवकों ने आमवाला तरला स्थित उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद् के जवाहर बाल भवन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

पोस्टरों, नारों और संवाद के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्थानीय नागरिकों को संदेश दिया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनें।

इसके साथ ही शिविर में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की तकनीक सिखाई गई। प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से हृदय गति रुकने जैसी स्थिति में त्वरित सहायता देने के उपाय समझाए।

शिविर के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.