देहरादून। दून पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक माह से लापता दिव्यांग बालक को उसके परिजनों से मिलाकर मायूस चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
16 फरवरी 2026 को त्यूनी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को लगभग 15-16 वर्षीय एक बालक संदिग्ध अवस्था में अकेले घूमता हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत का प्रयास किया, लेकिन वह सुनने और बोलने में असमर्थ था, जिससे उसकी पहचान या घर का पता नहीं चल सका। सुरक्षा के मद्देनजर बालक को थाना त्यूनी लाया गया।
पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो सोशल मीडिया पर साझा की और आसपास के थानों व जनपदों को सूचना प्रेषित की। लगातार प्रयासों के बाद पता चला कि बालक ग्राम मोड़ा, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी का निवासी है। जानकारी मिलने पर परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाना त्यूनी बुलाया गया। 17 फरवरी को बालक को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि बालक मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं है और वह सुनने, बोलने तथा समझने में भी असमर्थ है। वह करीब एक माह पूर्व बिना बताए घर से निकल गया था, जिसके बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।
बालक को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार जताया। इस मानवीय पहल ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनशील छवि को मजबूत किया है।

