रुड़की में बजट-2026 पर मंथन, भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने बताए बड़े फायदे

रुड़की। बजट-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा द्वारा संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर, रुड़की में एक विस्तृत चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और गरीब, दलित एवं वंचित वर्ग के हित में किए गए प्रावधानों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम आदमी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संतुलित और दूरदर्शी बजट प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट जहां आम नागरिकों के हितों की रक्षा करेगा, वहीं देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने दावा किया कि बजट में रोजगार, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किए गए हैं।

अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीतू मंडावर ने कहा कि भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत बजट सभी वर्गों के लिए लाभकारी साबित होगा और सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में बजट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों का समर्थन किया और आम जनता तक बजट की जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया। इससे पूर्व भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह का कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया।

इस अवसर पर सुमित अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार, संयोजक नितिन सांसिया, आकाश छाचर, डॉ. प्रशांत सहगल, आयुष बिरला सहित अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.