खटीमा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए चैम्बर का फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए नए चैम्बर के निर्माण पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया चैम्बर अधिवक्ताओं के लिए न्यायिक विमर्श, विधि अध्ययन और आपसी समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। इससे न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और आमजन को त्वरित न्याय मिलने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न्यायिक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अंग्रेजों के समय से चले आ रहे कई गैर जरूरी कानूनों को समाप्त कर वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप भारतीय न्याय संहिता 2023 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। इन सुधारों से देश की न्याय प्रणाली अधिक प्रभावी और आधुनिक बनी है।
उन्होंने कहा कि खटीमा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले अधिवक्ताओं व आम नागरिकों को इस नए चैम्बर से सीधा लाभ मिलेगा। इससे न्यायालयीन कार्यों के संचालन में सुविधा और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला जज सिकंद कुमार त्यागी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।