भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यसमिति के पहले दिन 21 नवंबर को प्रदेश संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। इसमें पार्टी की ओर से अब तक संपन्न और वर्तमान में संचालित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद आगामी कार्यक्रमों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी।
इसी दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी होगी। इसमें विभिन्न मोर्चों के संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ चुनाव में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। 21 नवंबर की शाम प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी, जिसमें आगामी कार्यक्रमों के स्वरूप पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यसमिति के दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारी बैठक में तैयार की गई कार्ययोजना और चुनावी रणनीति को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन एवं बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
मसूरी में 15 नवंबर से होगी अहम बैठक
हरिद्वार की कार्यसमिति से पहले 15 नवंबर से मसूरी में प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल और दीप्ति रावत सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं मोर्चों के अध्यक्ष शामिल होंगे।
इस बैठक में दिसंबर माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

