महाशिवरात्रि पर पूर्व विधायक ठुकराल का जलाभिषेक, कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

रुद्रपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रुद्रपुर में धार्मिक आस्था और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान आशुतोष का विधिवत जलाभिषेक किया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूर्व विधायक ठुकराल ने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों का भी जगह-जगह भव्य स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ियों के जत्थों का अभिनंदन करते हुए पुष्पवर्षा की और उनके विश्राम शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

ठुकराल ने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। भोलेनाथ के भक्त कठिन रास्तों और लंबी यात्राओं की परवाह किए बिना संकल्प के साथ गंगाजल लाते हैं, जो अत्यंत वंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश देती है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव से परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।

पूर्व विधायक ने सभी शिवभक्तों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल संकल्प की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.