कुंभ 2027 से पहले बदलेगी सरकारी गेस्ट हाउसों की तस्वीर, सचिव ने किया औचक निरीक्षण

देहरादून/हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अतिथि गृहों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की तैयारी शुरू कर दी है। आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को देहरादून से हरिद्वार तक विभिन्न राजकीय गेस्ट हाउसों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने भवनों की संरचना, स्वच्छता, सुरक्षा, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था और अग्निशमन प्रणाली की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतिथि गृह राज्य की छवि का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए यहां ठहरने वाले विशिष्ट अतिथियों और अधिकारियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलना अनिवार्य है।

सचिव ने रिनोवेशन कार्यों की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, फायर सेफ्टी सिस्टम की मजबूती और समग्र सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ 2027 अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, ऐसे में व्यवस्थाएं भी उसी स्तर की होनी चाहिए।

देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित बीजापुर गेस्ट हाउस का संयुक्त निरीक्षण करते हुए सचिव ने इसे तीन चरणों में उन्नत करने की योजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस कर एक आदर्श राज्य अतिथि गृह के रूप में विकसित किया जाएगा।

हरिद्वार स्थित ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल में रूम, डोरमेट्री, पार्किंग, डाइनिंग हॉल, किचन, मीटिंग हॉल और वीआईपी कक्षों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव राज्य संपत्ति लक्ष्मण सिंह, अधिशासी अभियंता दीपक कुमार और पंकज नयाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सरकार की इस पहल से उम्मीद है कि कुंभ 2027 से पहले अतिथि गृहों की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी और राज्य की आतिथ्य परंपरा को नई पहचान मिलेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.