देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून फिटनेस और युवा ऊर्जा का केंद्र बनने जा रही है। यहां ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का 61वां एडिशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्टार एथलीट, कॉलेज छात्र-छात्राएं और फिटनेस प्रेमी बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। यह विशेष कैंपस-फोकस्ड एडिशन युवाओं को साइकिलिंग और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अभियान की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने की थी। तब से यह पहल एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। देशभर में 2.5 लाख से अधिक स्थानों पर 25 लाख से ज्यादा लोग इससे जुड़ चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस अभियान का उल्लेख करते हुए फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने की बात कही है। यह पहल #FightObesity और #PollutionKaSolution जैसे संदेशों के जरिए लोगों को मोटापे और प्रदूषण के खिलाफ जागरूक कर रही है।
देहरादून एडिशन में विशेष आकर्षण के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर नूपुर श्योराण शामिल होंगी। महिला हैवीवेट बॉक्सिंग में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी नूपुर श्योराण कई बार वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में गोल्ड और विश्व चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। उनकी मौजूदगी युवाओं को अनुशासन और संघर्ष की प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के शामिल होने की भी संभावना है।
देहरादून में आयोजित यह एडिशन फिट इंडिया मूवमेंट को नई ऊर्जा देगा और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर करेगा।