रुद्रपुर। यूएस कार्निवल सरल मेले के शुभारंभ अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग उठाई।
विधायक अरोरा ने बताया कि बरसात के दौरान शहर में प्रतिवर्ष जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसके समाधान के लिए उनके द्वारा प्रस्तावित मास्टर ड्रेनेज प्लान को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया जा चुका है। उन्होंने इस योजना को जल्द लागू कर शहर को जलभराव से स्थायी राहत दिलाने का आग्रह किया।
उन्होंने काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य के लिए शेष धनराशि जारी करने की मांग भी रखी, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण हो सके। नजूल भूमि पर मालिकाना हक का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि 3500 परिवारों को पट्टे दिए जा चुके हैं, लेकिन न्यायालय में स्टे के कारण कई लोग अभी भी वंचित हैं। उन्होंने शेष पात्र परिवारों को 50 वर्ग के अंतर्गत मालिकाना हक दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी करने की अपील की।
इंद्राचौक, डीडी चौक और अटरिया मोड़ तक चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए भी अतिरिक्त बजट जारी करने का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही देवभूमि की संस्कृति पर आधारित भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई।
मोदी मैदान में प्रस्तावित इनडोर-आउटडोर स्टेडियम, मल्टीलेवल पार्किंग और बंगाली संस्कृति पर आधारित भवन निर्माण कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
विधायक अरोरा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री रुद्रपुर के विकास से जुड़ी इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेंगे।