पटना सिविल कोर्ट को फिर बम धमकी: सातवीं बार ई-मेल से मचा हड़कंप

पटना, बिहार की राजधानी पटना स्थित सिविल कोर्ट को गुरुवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और न्यायिक कामकाज तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। हाल के दिनों में यह सातवीं बार है जब सिविल कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

पुलिस और सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर कोर्ट परिसर को घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से हर कोने की जांच की जा रही है। न्यायिक कार्य शुरू होने से पहले ही परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया था, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।

टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही दोपहर में न्यायिक कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि ई-मेल के स्रोत और उसकी सामग्री को लेकर उन्होंने विस्तृत जानकारी साझा नहीं की, लेकिन संदिग्धों की पहचान के लिए जांच जारी होने की बात कही।

लगातार मिल रही धमकियों से अधिवक्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि बार-बार की घटनाओं से न सिर्फ न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव से जुड़े एक मामले की सुनवाई को भी एहतियातन टाल दिया गया है।

कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। लगातार मिल रही धमकियों के पीछे कौन है, यह जांच का विषय बना हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.