यूपी विधानसभा का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण के बीच विपक्ष का हंगामा

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे राष्ट्रगान के साथ शुरू हुआ। इसके बाद विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने अभिभाषण दिया। यह सत्र 20 फरवरी तक चलेगा, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 11 फरवरी को पेश किया जाएगा।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में योगी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, जिसमें 267 अपराधी पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए। वहीं 977 अभियुक्तों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई। राज्यपाल ने दावा किया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगभग 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है।

बजट सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि उनकी सरकार पहली बार विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार का दसवां बजट होगा, जो अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे अनावश्यक शोरगुल से बचें और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा और सुझावों के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो संवाद से चलता है, न कि कार्यवाही बाधित करके। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में यूपी विधानसभा ने कार्यवाही के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं और यह बजट सत्र प्रदेश के विकास की गति को और तेज करेगा।

उधर, सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। सपा सदस्य लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीर लेकर कोडीन कफ सिरप और किसानों से जुड़े मुद्दों पर विरोध जता रहे थे। वहीं राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भी सपा सदस्यों ने सदन में नारेबाजी की और ‘गो बैक राज्यपाल’ के नारे लगाए। हालांकि, राज्यपाल ने शोरगुल के बीच अपना अभिभाषण जारी रखा।

सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.