रात्रि चौपाल में छलका कमला देवी का दर्द, डीएम ने तुरंत दिए राहत के निर्देश

चंपावत,  चंपावत जिले के विकासखंड पाटी अंतर्गत ग्राम सभा मुलाकोट के मज्याप गांव में आयोजित रात्रि चौपाल प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त मंच बनकर सामने आई। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गांव पहुंचकर देर रात तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान कमला देवी ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि पति से अलग रहने के कारण उन्हें दो नाबालिग बच्चों के भरण-पोषण में गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कमला देवी की बात सुनते ही जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला समाज कल्याण और प्रोबेशन विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि पात्रता के आधार पर उन्हें पेंशन, राशन और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का लाभ दिलाया जाए।

इसी चौपाल में केसरी देवी ने आवास की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि मामले को प्राथमिकता में लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, दीपा देवी ने पति की मृत्यु के बाद उत्पन्न आर्थिक संकट की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने उन्हें भी मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना से जोड़ने के साथ-साथ गौशाला उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें स्थायी आजीविका का सहारा मिल सके।

ग्रामीणों ने चौपाल में गांव से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को भी सामने रखा। सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री हटाने, गांव में सीसी मार्ग निर्माण तथा सड़क डामरीकरण जैसी मांगों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मौके पर ही समाधान के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही, जिससे प्रशासन और जनता के बीच भरोसे का माहौल नजर आया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.