रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर ने शहरी विकास की पारंपरिक जिम्मेदारियों से आगे बढ़ते हुए आम नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल की है। मेयर विकास शर्मा के विशेष प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र में आठ मोहल्ला क्लीनिकों की स्थापना की गई है, जिनका औपचारिक उद्घाटन आगामी 14 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से करेंगे।
अब तक नगर निगम की भूमिका मुख्य रूप से साफ-सफाई, नालियों की व्यवस्था और सड़क निर्माण तक सीमित रही है, लेकिन पहली बार निगम स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर इतनी व्यापक और जनहितकारी योजना को धरातल पर उतारा गया है। इस पहल के तहत शहर की घनी आबादी वाले इलाकों में नागरिकों को उनके घरों के पास ही मुफ्त चिकित्सा परामर्श और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मेयर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रांजिट कैंप, फुलसुंगी, रमपुरा, भदईपुरा, खेड़ा, जगतपुरा, सिंह कॉलोनी और भूरारानी जैसे अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए गए हैं। इन सभी स्थानों पर भवन की व्यवस्था के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से स्वीकृति प्राप्त की गई थी। स्वीकृति के बाद बजट आवंटन, भवन चयन और चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया पूरी की गई। वर्तमान में इन क्लीनिकों में अनौपचारिक रूप से स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि 14 फरवरी को इनका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीयूष रंजन ने बताया कि प्रत्येक मोहल्ला क्लीनिक में एक एमबीबीएस चिकित्सक के साथ चार से पांच सदस्यीय स्टाफ तैनात किया गया है, जिसमें लेडीज नर्सिंग कर्मी भी शामिल हैं। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रुद्रपुर के सरकारी अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
यह योजना विशेष रूप से मजदूर वर्ग, निम्न आय वर्ग, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। मेयर ने कहा कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे।