रानीखेत। नगर क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता एक बार फिर लोगों की चिंता का कारण बन गई है। शनिवार तड़के सुबह रानीखेत के नंदादेवी मंदिर के समीप स्थित रिहायशी इलाके में गुलदार की मौजूदगी सामने आने से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। गुलदार की गतिविधियां पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जिसका वीडियो अब क्षेत्र में तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते कुछ समय से नगर और आसपास के इलाकों में गुलदार की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। सुदामापुरी, गोविंद गार्डन, तिवारी गार्डन और चौधरी गार्डन जैसे रिहायशी क्षेत्रों में पूर्व में भी गुलदार दिखाई देने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोग पहले से ही सतर्क हैं।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे गुलदार नंदादेवी मंदिर से सटे क्षेत्र में एडवोकेट विनोद कांडपाल के आवास के पास घूमता नजर आया। बताया जा रहा है कि गुलदार पालतू कुत्तों को अपना शिकार बनाने की नीयत से इलाके में आया था। इसी दौरान उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। वीडियो में गुलदार कुछ देर तक घरों के आसपास मंडराता दिखाई दे रहा है, जिससे उसकी निर्भीकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बन गया है। लोग सुबह और शाम के समय घरों से निकलने में हिचकिचा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और गुलदार की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि लगातार रिहायशी क्षेत्रों में गुलदार का पहुंचना गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने, रात में निगरानी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है।