रानीखेत में कानून व्यवस्था का नया रोडमैप: यातायात सुधार और नशे पर सख्ती की घोषणा

रानीखेत।
रानीखेत कोतवाली के नव नियुक्त प्रभारी निरीक्षक बीसी जोशी ने पदभार ग्रहण करने के बाद नगर की कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। मंगलवार को कोतवाली परिसर में नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने नगर की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक बीसी जोशी ने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता नगर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और नशे के बढ़ते कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि रानीखेत एक शांत पर्यटन नगर है और इसकी पहचान को बनाए रखने के लिए पुलिस और आमजन का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है।

मीडिया से बातचीत में बीसी जोशी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि जाम और अव्यवस्था से लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिनका उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना भी होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि नई पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सके।

प्रभारी निरीक्षक ने नगरवासियों से अपील की कि वे पुलिस को सूचना और सहयोग देकर नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान को मजबूत करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि बीसी जोशी इससे पूर्व अल्मोड़ा एसओजी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अपराध नियंत्रण का अच्छा अनुभव रखते हैं। नगरवासियों को उनसे कानून व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है।

कोतवाली में आयोजित बैठक में छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य मोहन नेगी, गिरीश भगत, जगदीश अग्रवाल, दीपक पंत, विनीत चौरसिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.