15 हजार स्कूलों में कंटेंट लैब! जानिए बजट को लेकर क्या बोले शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून।
केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026–27 को उत्तराखंड के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दूरदर्शी और सर्वसमावेशी बताते हुए इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट शिक्षा, शोध, स्वास्थ्य और कौशल विकास को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने वाला है। यह बजट भारत को वैश्विक ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी दी कि केंद्रीय बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए 1 लाख 39 हजार 289 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.27 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था को नई गति मिलेगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

बजट में देशभर में पाँच यूनिवर्सिटी टाउनशिप स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। इन टाउनशिप में शोध, नवाचार, स्टार्ट-अप और इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। इससे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर इंडस्ट्री-रेडी बन सकेंगे।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के सहयोग से देश के 15,000 विद्यालयों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट लैब स्थापित की जाएँगी। इन लैब्स के माध्यम से छात्र एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कौशल विकसित कर सकेंगे। साथ ही डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना से विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की डिजिटल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।

डॉ. रावत ने यह भी कहा कि प्रत्येक जनपद में एक-एक महिला छात्रावास की स्थापना से बालिका शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी और छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री ने इस जन-कल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रीय बजट के अनुरूप राज्य स्तर पर ठोस और व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार किए जाएँ, ताकि प्रदेशवासियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.