अंकिता भंडारी के नाम पर पौड़ी नर्सिंग कॉलेज: सरकार के फैसले ने छुआ लोगों का दिल

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने एक भावनात्मक और संवेदनशील निर्णय लेते हुए पौड़ी जनपद के डोभ (श्रीकोट) स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम दिवंगत अंकिता भंडारी के नाम पर रखने को राज्यपाल की स्वीकृति प्रदान की है। अब यह संस्थान **दिवंगत अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज, डोभ (श्रीकोट), पौड़ी** के नाम से जाना जाएगा।

इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी परिचायक है।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंकिता भंडारी के नाम पर कॉलेज का नामकरण उनकी स्मृति को स्थायी सम्मान देने का कार्य है। इससे समाज में न्याय, करुणा और मानवीय मूल्यों का संदेश जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस प्रकरण को शुरू से ही गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज भविष्य में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। अंत में उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का इस निर्णय के लिए आभार जताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.