मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमणमुक्त करने का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार देर रात जिला प्रशासन ने देहरादून के घंटाघर क्षेत्र स्थित एचएनबी कॉम्प्लेक्स (एमडीए क्षेत्र) में सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से शहर में हलचल का माहौल देखा गया।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी कर अवैध अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। नोटिस की समयावधि समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध मजार को हटाने का निर्णय लिया। तय योजना के तहत देर रात कार्रवाई को अंजाम दिया गया, ताकि किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
जिला प्रशासन ने दोहराया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे सरकारी संपत्तियों पर अवैध निर्माण या कब्जा न करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। अब तक उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनी 573 संरचनाओं को हटाया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।