After Header-1

कांग्रेस पर बरसे महेंद्र भट्ट, बोले- विकास रोकने की साजिश कर रही विपक्षी पार्टी

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस पर उत्तराखंड के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने और राजनीतिक स्वार्थ के लिए विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के रवैये की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष का दोहरा चरित्र और विकास विरोधी मानसिकता अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है।

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस दिशाहीनता और राजनीतिक हताशा के दौर से गुजर रही है। यही वजह है कि वह झूठे आरोपों और भ्रामक प्रचार के जरिए प्रदेश में विकास की गति को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति का उद्देश्य जनहित के मुद्दों को उठाना नहीं, बल्कि सरकार के प्रत्येक सकारात्मक कदम का विरोध करना रह गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की जनता विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देती है। विपक्ष की ओर से भ्रम फैलाने की कोशिशों से प्रदेश की विकास यात्रा को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ऐसी राजनीतिक साजिशों का जवाब जनता अपने विवेक और जनादेश से देगी।

महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों और नीतियों पर भरोसा जता रही है। इसी विश्वास के आधार पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी और लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.