भूकंप से दहशत: असम से चीन तक हिली जमीन, जानिए पूरा अपडेट

पूर्वोत्तर भारत में रविवार तड़के भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 04 बजकर 17 मिनट 40 सेकेंड पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई। झटके इतने स्पष्ट थे कि नींद में सो रहे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कई स्थानों पर कुछ सेकेंड तक धरती हिलती महसूस की गई।

इस भूकंप का सबसे अधिक असर असम में देखा गया, लेकिन इसके झटके मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मिजोरम सहित पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी महसूस किए गए। इतना ही नहीं, भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश, नेपाल, म्यांमार, भूटान और चीन के कुछ हिस्सों तक धरती कांपने की खबरें सामने आई हैं।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र असम के मोरीगांव जिले से लगभग 14 किलोमीटर दूर स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से करीब 50 किलोमीटर नीचे बताई गई है, जिससे इसका असर व्यापक क्षेत्र में महसूस हुआ। भूकंप का एपिक सेंटर 26.37 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.29 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें सतर्क हो गईं। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

भूकंप के झटकों के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। कई लोगों ने बताया कि झटके कुछ समय तक महसूस होते रहे, जिससे डर का माहौल बन गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सावधानियों का पालन करने की जरूरत है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.