ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड का बड़ा प्लान, 150 प्रतिभाओं पर होगा फोकस

देहरादून। ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने अभी से तैयारियां तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें वैज्ञानिक तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और क्षमता के अनुरूप ऐसे खेलों की पहचान की जाए, जिनमें यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विभाग को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रतिभाओं की पहचान के लिए बड़े स्तर पर टैलेंट हंट कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों को चिह्नित कर उनका प्रशिक्षण तत्काल शुरू करने को कहा गया है। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और वैज्ञानिक बनाने के लिए मजबूत प्रणाली विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। चयनित खिलाड़ियों को कोचिंग, फिटनेस और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को स्कूल स्तर से ही तलाशने की जरूरत है। इसके लिए स्कूलों में कार्यरत पीटीआई को भी प्रशिक्षित और संवेदनशील बनाया जाए, ताकि वे बच्चों की खेल क्षमता को समय रहते पहचानकर उसे निखारने में मदद कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

बैठक में प्रतिभावान खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों से जोड़कर भविष्य के लिए प्रशिक्षित कोच तैयार करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इससे प्रदेश में आने वाले वर्षों में कुशल प्रशिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के चयन, कोच की उपलब्धता और प्रशिक्षण शुरू करने की पूरी समयसीमा अभी से तय की जाए। प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि ओलंपिक-2036 को लक्ष्य बनाकर प्रतिभाओं को उचित मंच, प्रशिक्षण और संसाधन देने से उत्तराखंड राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान और अपर सचिव नमामि बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.