After Header-1

लक्सर पालिका की बोर्ड बैठक टालने पर प्रशासन सख्त, एडीएम ने जल्द बैठक कराने के दिए निर्देश

हरिद्वार। नगर पालिका परिषद लक्सर में लंबे समय से बोर्ड बैठक नहीं होने के कारण शहर के विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्ताव लंबित हैं। इस मामले में जिलाधिकारी कार्यालय ने गंभीरता दिखाते हुए पालिका प्रशासन को जल्द बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी को पत्र जारी कर नियमानुसार बैठक कराने को कहा है।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को पालिका के सभासदों ने जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि छह मार्च 2026 के बाद से बोर्ड की कोई बैठक आयोजित नहीं हुई है। इसके चलते नगर की मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो पा रही है।

सभासदों ने यह भी आपत्ति जताई कि पालिका अध्यक्ष की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र में सभी सदस्यों से सात दिसंबर तक विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके बाद ही बोर्ड बैठक की तिथि निर्धारित करने की बात कही गई थी।

मामले में एडीएम वैभव गुप्ता ने उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86 का हवाला देते हुए कहा कि प्रत्येक माह बोर्ड बैठक आयोजित करना अनिवार्य है।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी को पालिका अध्यक्ष से समन्वय स्थापित कर जल्द बैठक बुलाने, सभी सभासदों को एजेंडे और तिथि की सूचना समय से देने तथा लंबित विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता से शामिल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैठक से संबंधित कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.