भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम को बांग्लादेश से फोन कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता संगीत सोम अपने बेबाक और तीखे बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार और हिंसा को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। इसी क्रम में उन्होंने फिल्म अभिनेता शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शामिल करने के फैसले पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। विरोध के बाद खिलाड़ी को टीम से बाहर किए जाने पर भी संगीत सोम ने शाहरुख खान को निशाने पर लिया था।
इन बयानों के बाद संगीत सोम एक बार फिर सुर्खियों में आ गए थे। सोमवार सुबह उन्हें लगातार बांग्लादेशी मोबाइल नंबरों से फोन कॉल आने लगे, जिनमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल करने वालों ने गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
घटना से आहत संगीत सोम ने तत्काल पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कॉलर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से भी कॉल करने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।