रिमांड पर ले जाते समय गिर पड़े अवामी लीग नेता, अस्पताल में घोषित किया गया मृत

ढाका। बांग्लादेश में एक अवामी लीग नेता की मौत का मामला सामने आया है, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। जेल अधिकारियों के अनुसार, गाजीपुर स्थित कासिमपुर सेंट्रल जेल से रिमांड पर ले जाते समय अवामी लीग से जुड़े नेता वासिकुर रहमान बाबू की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के तुंगीपारा उपजिला स्थित उत्तर बाशबारिया गांव निवासी 43 वर्षीय वासिकुर रहमान बाबू के रूप में हुई है। वह बड्डा थाना छात्र लीग के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे और बड्डा थाना अवामी लीग में युवा व खेल सचिव के पद पर भी कार्यरत थे।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, कासिमपुर सेंट्रल जेल-2 के अधीक्षक अल मामून ने बताया कि बाबू की मौत हृदयाघात के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि बाबू को 24 सितंबर को राजधानी ढाका के पंथापथ इलाके में आयोजित एक जुलूस में कथित भागीदारी के आरोप में आतंक विरोधी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के तीन दिन बाद उन्हें कासिमपुर सेंट्रल जेल-2 भेजा गया था।

बाद में अदालत ने पुलिस को बाबू की तीन दिन की रिमांड मंजूर की थी। जेल अधीक्षक के अनुसार, शनिवार दोपहर पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए बाबू को हिरासत में लेने जेल पहुंची। उसे जेल परिसर के एक कक्ष में बैठने को कहा गया, तभी वह अचानक कुर्सी से गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

घटना के तुरंत बाद बाबू को गाजीपुर के शहीद ताजुद्दीन अहमद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले को लेकर जांच की संभावना जताई जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.