रुड़की रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक अफगानिस्तान के नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के भारत में रह रहा था। आरोपित का वीजा करीब चार वर्ष पहले समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह अवैध रूप से देश में निवास कर रहा था।
जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर को बांद्रा ट्रेन एक्सप्रेस में चेन पुलिंग की घटना हुई थी। इसी मामले की जांच और संदिग्धों की तलाश के तहत रुड़की रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसे पूछताछ के लिए रोका गया। जांच में उसकी पहचान अफगानिस्तान के नागरिक के रूप में हुई।
आरपीएफ द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि आरोपित के पास न तो वैध पासपोर्ट था और न ही भारत में रहने का कोई वैध वीजा। जांच में यह भी पता चला कि उसका वीजा चार साल पहले ही समाप्त हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह भारत में रह रहा था।
आरपीएफ ने आरोपित को हिरासत में लेकर रेलवे सुरक्षा बल चौकी रुड़की में दाखिल कराया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नजीबुल्लाह पुत्र हाजी बिस्मिल्लाह, निवासी नहिया-3, थाना नहिया-3, जनपद कंधार, अफगानिस्तान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, कुछ नगदी और अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।