दिल्ली में सांस लेना मुश्किल: AQI 491, कोहरा-स्मॉग से ढका एनसीआर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रविवार सुबह घना कोहरा और स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 491 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वहीं, आईटीओ क्षेत्र में AQI 484 रिकॉर्ड किया गया। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत सहित पूरे एनसीआर में भी हवा की गुणवत्ता गंभीर बनी हुई है।

हालात को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत सख्त प्रतिबंध लागू किए गए हैं। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को कक्षा 9वीं और 11वीं तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं और नागरिकों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

उधर, दिसंबर के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते ठंड ने पूरे उत्तर भारत में अपना असर तेज कर दिया है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में ठंडी हवाओं से कंपकंपी बढ़ गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, शीत लहर और घना कोहरा ठंड को और तीखा बना रहे हैं। खास बात यह है कि पहली बार विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और ओडिशा में भी शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.