After Header-1

एक महीने में दूसरी जान ले गया गुलदार, पत्नी पर भी किया था हमला!

300×250 ADS-1

चंपावत जिले के बराकोट विकासखंड के ग्रामसभा चुयरानी के धरगड़ा तोक में मंगलवार सुबह गुलदार के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान देव सिंह अधिकारी (पुत्र—कल्याण सिंह अधिकारी) निवासी धरगड़ा तोक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देव सिंह सुबह रोज की तरह घर से थोड़ी दूरी पर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि देव सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

300×600 ADS-2

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक महीने में यह गुलदार का दूसरा हमला है, जिसमें किसी ग्रामीण की जान गई है। लोगों ने यह भी खुलासा किया कि सोमवार शाम गुलदार ने मृतक की पत्नी पर भी हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन वह किसी तरह बच निकलीं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने वन विभाग पर गश्त में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की। ग्रामीणों ने गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसे मार गिराने की भी मांग की है, ताकि आगे कोई अनहोनी न हो।

सूचना मिलने पर काली कुमाऊं रेंज के वन दरोगा प्रकाश गिरी गोस्वामी की अगुवाई में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और गुलदार की लोकेशन का पता लगाने के लिए अभियान चलाने की बात कही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.