After Header-1

अमेरिकन आश्रम पर कब्जे का आरोप, संतों के नाम सामने आने से गरमाया मामला

300×250 ADS-1

हरिद्वार, 04 अक्टूबर। हरिद्वार का चर्चित अमेरिकन आश्रम, जिसे स्वामी देवानंद भक्ति योग आश्रम के नाम से भी जाना जाता है, एक बार फिर विवादों में आ गया है। आश्रम की प्रबंधिका परमजीत कौर ने रविवार को मीडिया के सामने कुछ लोगों पर संपत्ति पर कब्जे की कथित कोशिश और भूमि को खुर्द-बुर्द करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत प्रशासन से किए जाने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।

परमजीत कौर का दावा है कि स्वामी देवानंद भक्ति योग आश्रम ट्रस्ट नाम की किसी संस्था का अस्तित्व नहीं है और कुछ लोग कथित तौर पर ट्रस्ट के नाम का इस्तेमाल कर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम की संपत्ति की स्वामिनी टोरंटो निवासी मैडम ईस्टर फ्रीड हैं। उनके अनुसार, स्वामी देवानंद संपत्ति से जुड़े अधिकार फ्रीड को सौंपकर गए थे।

300×600 ADS-2

प्रबंधिका ने मीडिया के सामने वीडियो कॉल के जरिए मैडम ईस्टर फ्रीड से बातचीत भी कराई। फ्रीड ने दावा किया कि संपत्ति से जुड़े सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण फिलहाल हरिद्वार नहीं आ पा रही हैं, लेकिन जल्द यहां पहुंचकर प्रशासन के सामने दस्तावेज प्रस्तुत करेंगी। साथ ही उन्होंने आश्रम को कथित कब्जे से मुक्त कराने की मांग करने की बात कही।

परमजीत कौर ने महंत दुर्गादास, महंत हठयोगी और महंत ऋषिश्वरानंद पर भी आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने की कथित साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि महंत हठयोगी ने पहले राहुल नाम के एक युवक को कुछ दिनों के लिए आश्रम में ठहराने भेजा था, लेकिन अब वही युवक वहां कब्जा जमाए बैठा है।

मामले के सामने आने के बाद बाबा हठयोगी के खुद को आश्रम ट्रस्ट का अध्यक्ष बताए जाने के दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आश्रम की संपत्ति का वास्तविक स्वामित्व, ट्रस्ट के अस्तित्व और कब्जे से जुड़े विवाद की स्थिति संबंधित दस्तावेजों तथा प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.