पार्टी की ओर से जारी सूची में चर्चित युवा नेता आशुतोष नेगी को रायपुर, पूर्व सैनिक मेजर संतोष भंडारी को मसूरी और आंदोलनकारी रोहित डंडरियाल को कोटद्वार से प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा जागेश्वर से मनमोहन नागरकोटी, अल्मोड़ा से नरेंद्र बिष्ट, सोमेश्वर से शिवराम, गंगोत्री से अरविंद बुटोला, पौड़ी से रवींद्र सिंह उर्फ रवि सिंह, नरेंद्रनगर से रतन सिंह और सल्ट से बीरेंद्र बंगारी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
UDA के जरिए तीसरे मोर्चे की तैयारी
यूकेडी डेमोक्रेटिक ने राज्य स्वराज पार्टी के तीन प्रत्याशियों को भी समर्थन देने की घोषणा की है। इसके तहत चकराता से बॉबी पंवार, केदारनाथ से त्रिभुवन चौहान और कपकोट से भूपेंद्र कोरंगा को समर्थन दिया गया है। पार्टी का लक्ष्य मूल निवास, सशक्त भू-कानून, पहाड़ से पलायन और जल-जंगल-जमीन जैसे मुद्दों पर क्षेत्रीय दलों को एक मंच पर लाना है।
दोनों यूकेडी गुटों में प्रत्याशी घोषित करने की होड़
उधर, यूकेडी के कुकरेती गुट ने भी 31 अक्टूबर को 16 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसमें पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी और कर्णप्रयाग से आशीष नेगी को प्रत्याशी बनाया गया है।
दोनों गुटों की ओर से लगातार प्रत्याशी घोषित किए जाने से उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब देखना होगा कि क्षेत्रीय दलों की एकजुटता और तीसरे मोर्चे की रणनीति 2027 के चुनाव में कितना असर दिखा पाती है।

