किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर भाजपा नेता नरेंद्र सिंह टाकुली सैकड़ों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों के मोबाइल बंद मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की लाखों क्विंटल फसल पानी में डूबी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी उनकी परेशानी सुनने तक को तैयार नहीं हैं।
मुख्यमंत्री के निजी सचिव से की वार्ता
स्थानीय अधिकारियों से संपर्क नहीं होने पर नरेंद्र सिंह टाकुली ने मुख्यमंत्री के निजी सचिव से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धौरा जलाशय के आसपास बड़े क्षेत्र में गन्ने की फसल जलमग्न है। जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने पेराई सत्र शुरू होने से पहले जलाशय से अतिरिक्त पानी निकलवाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
मुख्यमंत्री के निजी सचिव ने जल्द अतिरिक्त पानी की निकासी कराने और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
फिलहाल किसानों को जलाशय से पानी की निकासी शुरू होने का इंतजार है। किसानों का कहना है कि समय रहते खेतों से पानी नहीं निकला तो उनकी तैयार फसल खराब होने के साथ आर्थिक नुकसान भी बढ़ सकता है।

