देहरादून में बड़ा हंगामा! बेरोज़गार नर्सिंग युवतियों पर अभद्रता के बाद महिला कांग्रेस का पुलिस मुख्यालय घेराव—क्या है पूरा मामला?

देहरादून में नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों के साथ प्रदर्शन के दौरान हुई अभद्रता के विरोध में आज उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। घटना तब सुर्खियों में आई जब शांतिपूर्ण धरना दे रही नर्सिंग युवतियों को महिला पुलिस कर्मियों द्वारा धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारे जाने का वीडियो सामने आया। इसी के विरोध में महिला कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रैली निकालकर पुलिस मुख्यालय का घेराव किया, जहां बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोज़गार युवतियाँ भी शामिल हुईं।

पुलिस मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगा दी गई, लेकिन महिला कांग्रेस की नेत्रियाँ बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं और उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। इसके बाद पुलिस ने नर्सिंग युवतियों और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका और कई को पुलिस वाहनों में भरकर एकता विहार ले जाकर छोड़ दिया।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि बेटियाँ रोजगार की मांग कर रही थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें सम्मान देने के बजाय उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया। उन्होंने इसे धामी सरकार की असंवेदनशीलता और युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश बताया।
रौतेला ने कहा—
“सरकार को युवा बेटियों की आवाज़ सुननी चाहिए, लेकिन यहां उल्टा उन्हीं पर शक्ति का प्रयोग किया जा रहा है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों और महिलाओं के सम्मान दोनों का उल्लंघन है।”

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाज़ी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की तत्काल मांग की।
इस दौरान महिला कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें रखीं:

  1. दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए।
  2. घटना की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
  3. नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।

महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर उस युवती के साथ खड़ी है जिसके साथ अन्याय हुआ है और उनके सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से गरिमा मेहरा दसौनी, आशा मनोरमा डोबरियाल, उर्मिला थापा, निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, अनीता सकलानी, रेखा ढींगरा, तथा सेवादल की सावित्री थापा और मंजू सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.