After Header-1

नहीं रहे सिनेमा के प्रयोगधर्मी दिग्गज, 94 की उम्र में सिंगीथम श्रीनिवास राव का निधन

300×250 ADS-1

मुंबई, 04 अक्टूबर। भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार सिंगीथम श्रीनिवास राव का शनिवार रात चेन्नई में 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सिंगीथम श्रीनिवास राव को प्रयोगधर्मी सिनेमा और अलग तरह की कहानियों को पर्दे पर उतारने के लिए जाना जाता था। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में ऐसी फिल्मों का निर्देशन किया, जिन्होंने दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई और भारतीय सिनेमा में नए प्रयोगों के लिए रास्ता तैयार किया।

राव ने वर्ष 1972 में फिल्म ‘नीति निजायिती’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘दिक्कत्र पार्वती’, ‘मयूरी’, ‘पुष्पक विमानम’, ‘आदित्य 369’, ‘भैरव द्वीपम’ और ‘सन ऑफ अलादीन’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। तेलुगु सिनेमा के साथ उन्होंने भारतीय फिल्म जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई।

300×600 ADS-2

उनकी फिल्म ‘पुष्पक विमानम’ को बिना पारंपरिक संवादों के कहानी कहने के प्रयोग के लिए खास तौर पर याद किया जाता है। वहीं, ‘आदित्य 369’ ने विज्ञान-कथा और टाइम ट्रैवल जैसे विषयों को भारतीय दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी रचनात्मक सोच और प्रयोग करने का साहस उन्हें अपने दौर के अन्य फिल्मकारों से अलग बनाता था।

राव की आखिरी फिल्म ‘सिंग गीथम’ इसी वर्ष रिलीज हुई थी। अपने कई दशक लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग विषयों पर फिल्में बनाईं और कई पीढ़ियों के कलाकारों व फिल्मकारों को प्रभावित किया।

उनके निधन पर जूनियर एनटीआर, विष्णु मांचू, वेंकटेश दग्गुबाती, पवन कल्याण और चिरंजीवी समेत कई सितारों ने शोक जताया। कलाकारों ने उन्हें दूरदर्शी और समय से आगे सोचने वाला फिल्मकार बताते हुए उनके योगदान को याद किया। सितारों का कहना है कि उनका सिनेमा और उनकी रचनात्मक विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.