After Header-1

जवान का पार्थिव शरीर लेकर लौट रही एंबुलेंस बनी मौत का सफर, चार की मौत

300×250 ADS-1

देवरिया ।सेना के जवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया लौट रही एंबुलेंस रविवार सुबह सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में एंबुलेंस सवार जवान के पुत्र राहुल सिंह समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला-दुधैला गांव निवासी सूबेदार सत्यवान सिंह (50) सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) के पद पर मेरठ में तैनात थे। शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सेना की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव लाया जा रहा था।

एंबुलेंस में चालक जसपाल के अलावा सत्यवान सिंह के पुत्र राहुल सिंह, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी और उनके छोटे भाई राम सुमित सिंह सवार थे। रविवार सुबह हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

300×600 ADS-2

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में जवान सत्यवान सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, वहां उनके बेटे राहुल की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। परिवार के तीन अन्य सदस्य एक निजी वाहन से एंबुलेंस के पीछे आ रहे थे और घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

हादसे में जान गंवाने वाले राम सुमित सिंह तरसारा डाकघर में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। वहीं, सभासद राजन चौधरी की मौत की खबर से नगर पंचायत क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.