गिनती शुरू होते ही सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में! आखिर क्या है वजह?

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की उलटी गिनती शुरू होते ही शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव तेज हो गया है। शुक्रवार सुबह साप्ताहिक कारोबार के आख़िरी दिन निवेशक सतर्क रुख अपनाते नजर आए। वोटों की शुरुआती गिनती के बीच ही सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुल गए, जिससे बाजार में कमजोरी का माहौल बन गया।

शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 240.61 अंक यानी 0.28% गिरकर 84,238.06 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 106.40 अंक यानी 0.41% फिसलकर 25,772.75 पर कारोबार कर रहा था। लगातार दो दिन की मामूली बढ़त के बाद आज की गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि चुनावी नतीजों में स्पष्टता आने तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। निवेशक किसी भी अनिश्चित राजनीतिक माहौल में जोखिम लेने से बचते हैं, यही कारण है कि शुरुआती गिनती के बीच आज बिकवाली बढ़ी है। विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे-जैसे नतीजे साफ होंगे, बाजार की दिशा भी उसी अनुसार तय होगी। यदि राजनीतिक स्थिरता का संकेत मिलता है, तो आने वाले सत्रों में बाजार रफ्तार पकड़ सकता है।

गौरतलब है कि गुरुवार को भी बाजार उतार-चढ़ाव के साथ बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स सिर्फ 12.16 अंक (0.014%) की बढ़त के साथ 84,478.67 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी भी 3.35 अंक (0.013%) बढ़कर 25,879.15 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा था। यह दर्शाता है कि पिछले कुछ दिनों से बाजार उम्मीदों के सहारे ही चल रहा था।

अब सभी की निगाहें बिहार चुनाव नतीजों पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक तस्वीर साफ होते ही शेयर बाजार में नई दिशा देखने को मिल सकती है। फिलहाल निवेशक एहतियात बरत रहे हैं और बड़ी पूंजी निवेश से दूरी बना रहे हैं।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.