देहरादून। महिला क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाली उत्तराखंड की स्टार क्रिकेटर स्नेहा राणा को राज्य सरकार बड़ा सम्मान देने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्नेहा राणा से दूरभाष पर बातचीत कर उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और भारत को मिली जीत में योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार स्नेहा राणा को ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि देगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्नेहा राणा ने अपने कठिन परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा के दम पर न केवल उत्तराखंड का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में अग्रणी हैं और स्नेहा राणा की सफलता आने वाली पीढ़ियों, खासकर बेटियों के लिए एक प्रेरणा है।”
सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर काम कर रही है, ताकि उत्तराखंड से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
स्नेहा राणा ने मुख्यमंत्री के इस सम्मान और प्रोत्साहन राशि की घोषणा पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। मैं आगे भी देश और उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर ऊंचा करने के लिए पूरी मेहनत से खेलती रहूंगी।”
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से खेल जगत और स्थानीय युवाओं में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का कहना है कि इस तरह के प्रोत्साहन से राज्य के खिलाड़ी और अधिक प्रेरित होंगे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्तराखंड का परचम लहराते रहेंगे।
स्नेहा राणा इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपने प्रदर्शन से चर्चा में रही हैं और महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर खिलाड़ी के रूप में उन्होंने भारत को कई बार संकट से उबारा है।