बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अब मात्र दस दिन शेष हैं और चुनावी माहौल तेजी पकड़ चुका है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज समस्तीपुर और बेगूसराय में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सिवान और बक्सर में प्रचार करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी अपने अभियान की शुरुआत समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम से करेंगे, जो जननायक कर्पूरी ठाकुर का पैतृक गांव है। वे यहां ठाकुर की झोपड़ी का अवलोकन करेंगे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दुधपुरा हवाई अड्डा मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर बेगूसराय के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए एसपीजी और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर चाक-चौबंद व्यवस्था की है। सभा स्थल पर तीन अस्थायी हेलिपैड बनाए गए हैं और दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा प्रबंधन में जुटे हैं। भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं में प्रधानमंत्री की रैली को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की आज सिवान और बक्सर में रैलियां होंगी। पार्टी के शीर्ष दो नेताओं की एक ही दिन चार महत्वपूर्ण जिलों में उपस्थिति से यह साफ है कि भाजपा इस चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है और राज्य के हर क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।