भारत और जर्मनी ने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। यह बैठक बर्लिन में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और जर्मनी की संघीय अर्थव्यवस्था एवं ऊर्जा मंत्री कैथरीना रीच के बीच हुई।
वाणिज्य मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों देशों ने परस्पर आर्थिक साझेदारी को मजबूत बनाने और नए निवेश अवसरों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। बैठक में यह सहमति बनी कि भारत-जर्मनी संबंधों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीक और नवाचार के माध्यम से और आगे बढ़ाया जाएगा।
पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि जर्मन मंत्री रीच से मुलाकात भारत-जर्मनी साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम रही। उन्होंने जर्मनी के जी7 और जी20 शेरपा डॉ. लेविन होले से भी भेंट की और दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
गोयल ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर भी सकारात्मक चर्चा हुई है। दोनों देश साझा समृद्धि और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह यात्रा भारत-जर्मनी की रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है, जो दोनों देशों के संबंधों को और सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।