मुकेश अंबानी ने चारधाम की यात्रा व्यवस्थाओं को सराहा : हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष बीकेटीसी

श्री मुकेश अंबानी जी ने किए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन

10 करोड़ दान दिया, बीकेटीसी अध्यक्ष ने जताया आभार 

श्री अंबानी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह थामी की अगुआई में देवभूमि ने शानदार विकास किया, ऐसा 20 सालों में नहीं देखा गया 

देहरादून । सुप्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी  मुकेश अंबानी का श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम पहुंचने पर श्री बदरीनाथ- श्री केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी जी द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उद्योगपति श्री मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ एवं केदारनाथ मंदिर में दर्शन के बाद मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी को बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुआई में चारधाम यात्रा काफी सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि धामी जी की सरकार ने यात्रा पड़ावों पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए काफी बेहतरीन व्यवस्था की है। इस तरह की सुंदर और सुरक्षित व्यवस्था दूसरे धार्मिक स्थलों पर कम ही देखने को मिलती है। श्री अंबानी ने कहा कि वे लगभग 20 सालों से उत्तराखंड आ रहे हैं लेकिन वर्तमान जैसी व्यवस्थाएं पहले कभी भी देखने को नहीं मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुआई में यहां वास्तव में ऐतिहासिक काम हुए हैं। श्री अंबानी ने कहा कि आगामी 10 सालों में उत्तराखंड में तीर्थ यात्रियों की संख्या काफी बढ़ेगी। उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी के नेतृत्व में अप्रत्याशित कामयाबी हासिल की है जो अपने आप में रिकार्ड है।
उन्होंने कहा कि अभी हाल के दिनों में उत्तराखंड में बादल फटे। जान- माल का काफी नुकसान हुआ है। हमारी संवेदनाएं हैं। मैं और रिलायंस फाऊंडेशन जब भी उत्तराखंड को किसी भी तरह की आवश्यकता होगी साथ खड़े रहेंगे।
श्री अंबानी ने बीकेटीसी के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी को बताया कि लाखों की संख्या में तीर्थ यात्री इन धामों में पहुंचते हैं लेकिन किसी को भी कोई दिक्कत नहीं होती है। इससे पता चलता है कि उत्तराखंड सरकार का आस्था को लेकर विजन कितना भव्य है। यहां सब कुछ मास्टर प्लान के तहत किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं पहुंच रहा है। ऐसी व्यवस्थाएं अन्य स्थानों पर काफी कम ही देखने को मिलती है। श्री मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी के अध्यक्ष को बताया कि धामों एवं पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वे हर संभव उत्तराखंड सरकार के साथ खड़े रहेंगे। इसके पहले जाने -माने उद्योगपति श्री मुकेश अंबानी जी का श्री बदरीनाथ- श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पहाड़ी टोपी तथा मफलर पहना कर स्वागत किया।
श्री द्विवेदी ने बताया कि श्री मुकेश अंबानी जी और उनके परिवार के सदस्य काफी लंबे समय से श्री बदरीनाथ जी और श्री केदारनाथ जी के मंदिर में दर्शन के लिए आते रहे हैं । द्वय मंदिरों के सौंदर्यीकरण में अंबानी परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका काफी पहले से ही रही है। सबसे खास बात यह है कि श्री मुकेश अंबानी जी की श्री बदरीनाथ जी और श्री केदारनाथ जी में अटूट आस्था एवं श्रद्धा है। जिसकी वजह से अंबानी परिवार हर साल बाबा के द्वार आकर नतमस्तक होता है। साथ ही, श्रद्धा के पुष्प भी अर्पित करता है। पूर्व की भांति आज भी श्री मुकेश अंबानी जी बाबा के द्वार पर आए और दर्शन किए। बाबा के द्वार पर श्री मुकेश अंबानी जी ने कुछ क्षण गुजारा भी। साथ ही, इस बार 10 करोड़ की धनराशि बतौर दान इन धामों के चहुंमुखी विकास के लिए दिया है। पहले के मुकाबले इस साल श्री अंबानी जी ने दान की राशि भी डबल कर दी है। मालूम हो कि पहले श्री बदरीनाथ जी और श्री केदारनाथ जी के धामों के लिए कुल 5 करोड़ की धनराशि दान स्वरूप मिलती थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.