After Header-1

सभी जिलों में शुरू होगी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया, एनआईओएस डीएलएड अभ्यर्थियों को भी मिलेगा मौका

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 2100 रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने की घोषणा की है। इस संबंध में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दे दिए हैं।

डॉ. रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने बताया कि सरकार पिछले दो वर्षों से प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लगातार शिक्षकों की नियुक्तियां कर रही है। अब तक 3000 से अधिक पद भरे जा चुके हैं, जबकि कुछ पद न्यायिक प्रक्रिया के कारण रुके हुए थे।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय और कैबिनेट संशोधन के बाद वर्ष 2017 से 2019 के एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को भी अब प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शामिल किया जाएगा। साथ ही, सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों को भी नियमावली में जोड़ा गया है, जिससे इन अभ्यर्थियों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्राथमिक शिक्षकों का जिला संवर्ग होने के कारण भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर से ही संपन्न होगी। सभी जिलों को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और शत-प्रतिशत पदों को भरने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिक्षकों का त्रिस्तरीय ढांचा तैयार करने, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए शीघ्र आंकलन (आंगणन) तैयार करने तथा धारा-27 के अंतर्गत स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.