रुड़की। मुंबई महानगर युवा कांग्रेस के इतिहास में पहली बार महिला अध्यक्ष बनीं जीनत शबरीन ने शानदार जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम किया है। हाल ही में हुए चुनाव में उन्होंने 10,076 वोट हासिल कर तीन प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया। उनकी इस जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और खासतौर से महिला नेताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।
जीनत शबरीन की इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाइयों का तांता लग गया है। सहारनपुर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. शाजिया जीनत नाज एडवोकेट ने बधाई देते हुए कहा कि जीनत का उत्तर प्रदेश की धरती से विशेष लगाव रहा है। उनकी शिक्षा मसूरी में हुई थी, जिसके कारण उनका देवभूमि उत्तराखंड, धर्मनगरी हरिद्वार और तीर्थस्थल पिरान कलियर दरगाह से गहरा जुड़ाव है।
इसी क्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और समाजसेविका पूजा गुप्ता, जिन्होंने रुड़की से मेयर का चुनाव भी लड़ा था, ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं अब राजनीति ही नहीं बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में भी नया इतिहास रच रही हैं। उन्होंने कहा कि जीनत शबरीन की जीत नारी शक्ति के बढ़ते कदमों का प्रतीक है।
अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि बहुत जल्द जीनत शबरीन उत्तराखंड का दौरा करेंगी, जिससे यहां के कार्यकर्ताओं का मनोबल और ऊंचा होगा। वहीं, रुड़की के वरिष्ठ कांग्रेस नेता ईश्वर लाल शास्त्री, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी समेत अन्य नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी।
जीनत शबरीन की इस ऐतिहासिक जीत को महिला सशक्तिकरण और कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा का प्रतीक माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में मुंबई युवा कांग्रेस और अधिक मजबूती से खड़ी होगी और आने वाले समय में संगठन को नई दिशा मिलेगी।