देहरादून: आपदा से टूटी पेयजल लाइनें, 2.35 लाख लोग प्रभावित

देहरादून। 16 सितम्बर को आई आपदा ने राजधानी देहरादून की पेयजल व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बीजापुर, बांदल, केसरवाला, पुरकुल और शहंशाही हैड समेत कई प्रमुख जल स्रोतों की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे डी.एल. रोड, करनपुर, कालीदास रोड, न्यू कैंट रोड, राजपुर, चुक्खूवाला, लोअर रायपुर, किदूवाला, पुरकुल गांव, सलोनी गांव, जाखन, विजयनगर और ढाकपट्टी जैसे क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। इससे करीब 2.35 लाख लोग प्रभावित हुए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग शैलेश बगोली ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में जल आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल किया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके।

सचिव ने कहा कि बीजापुर, बांदल और केसरवाला हैड से 17 सितम्बर की शाम तक अस्थायी आपूर्ति शुरू कर दी जाए। विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि 18 सितम्बर की सुबह तक लगभग 1.35 लाख लोगों को पेयजल आपूर्ति मिल जाएगी। शेष क्षेत्रों के लिए कार्य 18 सितम्बर की शाम तक पूरा कर लिया जाएगा और 19 सितम्बर की सुबह तक अतिरिक्त 1 लाख लोगों को भी जलापूर्ति सुनिश्चित हो जाएगी।

पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए विभागीय टीमें लगातार काम कर रही हैं। जेसीबी और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त लाइनों को जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि निर्धारित समय तक सभी को राहत मिल जाएगी।

विभाग ने किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या दर्ज कराने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 18001804100 और हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किए हैं। अधिकारी 24 घंटे लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.