देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के तहत चल रही आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने की कवायद तेज कर दी है। योजना के तहत प्रदेश में जरूरतमंद और पात्र परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की तैयारी है। सरकार के अनुसार, आगामी दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को नए आवास मिलने की उम्मीद है।
लंबित आवासीय परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए आवास विभाग ने सितंबर तक की समयसीमा तय की है। विभाग का लक्ष्य निर्माण कार्यों में तेजी लाकर पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराना है।
ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा आवास
पीएमएवाई-यू के तहत सबसे अधिक 10,200 आवास ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा भवानीपुर जसपुर में 1,264, उकरौली-1 सितारगंज में 1,168, उकरौली-2 में 864 और कनकपुर काशीपुर में 1,256 आवास बनाए जा रहे हैं।
इसी तरह मटकोटा रुद्रपुर में 928, श्यामनगर गदरपुर में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर काशीपुर में 512 और गंगापुर गोसाल काशीपुर में 584 आवास शामिल हैं। इन आवासों का लाभ पात्र परिवारों को दिया जाएगा।
हरिद्वार में 4,528 आवास निर्माणाधीन
हरिद्वार जिले में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी-बेलड़ी रुड़की में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।
नैनीताल जिले के उम्मेदनगर, रामनगर में सभी 528 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं देहरादून की धौलास हाउसिंग स्कीम में 240 में से 180 आवास तैयार हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।