देहरादून में अतिवृष्टि का कहर, एमडीडी कॉलोनी में मलवा हटाने का अभियान तेज

देहरादून। डालनवाला स्थित एमडीडी कॉलोनी में हाल की अतिवृष्टि के कारण स्थिति काफी गंभीर हो गई थी। लगातार बारिश से यहां मलवा और गाद घरों एवं सड़कों पर भर गया, जिससे स्थानीय निवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोगों को घरों से निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ा और सड़क मार्ग भी अवरुद्ध हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए एमडीडीए और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्र से मलवा हटाकर लोगों को जल्द से जल्द राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद एमडीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। श्रमिकों के साथ-साथ जेसीबी मशीनों की मदद से मलवा और गाद हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही क्षेत्र की स्थिति सामान्य हो जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि बारिश से उत्पन्न स्थिति में किसी भी नागरिक को कठिनाई न हो। राहत और बचाव कार्य के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।

गौरतलब है कि देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में इस समय अतिवृष्टि ने कई जगहों पर जनजीवन को प्रभावित किया है। कई क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और जलभराव की समस्या ने लोगों को परेशान कर रखा है। प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चला रहा है और आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.