सिक्किम: अपर रिम्बी गांव में भूस्खलन, तीन की मौत और दो गंभीर घायल

गंगटोक। सिक्किम के गेजिंग जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण भूस्खलन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अपर रिम्बी गांव में अचानक हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने क्षेत्र की स्थिति को पहले ही नाजुक बना दिया था। गुरुवार रात को हुए भूस्खलन का मलबा सीधे एक घर पर गिरा, जिससे घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे और वे इसकी चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए जिला आपदा प्रबंधन दल, पुलिस बल, एसएसबी जवान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मलबे से दो लोगों को जिंदा बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

गेजिंग जिले के पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया। भारी बारिश और लगातार गिरते मलबे ने बचाव अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया था।

इस बीच, यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक और राज्य सरकार में मंत्री भीम हांग लिम्बू भी तुरंत गंगटोक से अपने क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग किया। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

बारिश से बने नए और पुराने भूस्खलन जोन सिक्किम के पर्वतीय इलाकों के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे हादसों से बचने के लिए दीर्घकालिक उपायों की जरूरत है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.