दिल्ली हाईकोर्ट को ई-मेल से बम की धमकी, दोपहर में खाली कराया परिसर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी सनसनी फैल गई, जब दिल्ली उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में दावा किया गया कि हाईकोर्ट परिसर में तीन बम लगाए गए हैं। धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और हाईकोर्ट परिसर को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, धमकी का मेल दोपहर करीब 2 बजे के आसपास कोर्ट प्रशासन को मिला। इसके बाद अदालत कक्षों में सुनवाई कर रहे न्यायाधीशों को सुरक्षा कारणों से तुरंत कोर्टरूम छोड़ने को कहा गया। देखते ही देखते पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वकील, कर्मचारी और वहां मौजूद लोग बाहर निकलने लगे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बम निरोधक दस्ता, स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा यूनिट को मौके पर बुला लिया। हाईकोर्ट परिसर को पूरी तरह से घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। बम निरोधक टीम परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है।

दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं और साइबर टीम भी ई-मेल ट्रेस करने में जुट गई है।

फिलहाल हाईकोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन को जांच पूरी करने का समय दें।

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली हाईकोर्ट या अन्य अहम स्थानों को लेकर धमकी भरी सूचनाएं सामने आई हों। हालांकि हर बार की तरह इस बार भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.